दीपावली का पर्व सुख, समृद्धि, सकारात्मकता और नई ऊर्जा का संदेश देता है : नन्दी
दीपावली का पर्व सुख, समृद्धि, सकारात्मकता और नई ऊर्जा का संदेश देता है : नन्दी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश विकास एवं औद्योगिक प्रगति के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है
प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की
उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने दीपावली के पावन पर्व पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कामना की कि प्रकाश, उल्लास और उमंग का यह महापर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि, आरोग्यता और नई ऊर्जा का संचार करे। दीपावली का पर्व हमें अंधकार से प्रकाश की ओर, निराशा से आशा की ओर और असत्य से सत्य की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है।
मंत्री नन्दी ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, नवाचार और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री जी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में उत्तर प्रदेश महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। वहीं, मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन, सुरक्षा और समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश आज देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। बेहतर कानून-व्यवस्था, विश्वस्तरीय एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, औद्योगिक कॉरिडोर, आधुनिक आधारभूत संरचनाओं और निवेश अनुकूल नीतियों ने प्रदेश में औद्योगिक विकास की नई संभावनाओं के द्वार खोले हैं। देश-विदेश के बड़े निवेशक उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आगे आ रहे हैं। इससे प्रदेश में उद्योगों का विस्तार हो रहा है, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं और प्रदेश की अर्थव्यवस्था निरंतर मजबूत हो रही है।
मंत्री नन्दी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आत्मनिर्भर भारत और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। हमारा लक्ष्य उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी औद्योगिक एवं आर्थिक केंद्र बनाने के साथ ही प्रत्येक परिवार के जीवन में खुशहाली और समृद्धि लाना है।
मंत्री नन्दी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि दीपावली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और एकजुटता के साथ मनाएं। स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें और स्थानीय कारीगरों, छोटे व्यापारियों एवं उद्यमियों के प्रयासों को प्रोत्साहित करें, ताकि त्योहार की खुशियां समाज के हर वर्ग तक पहुंचें।
उन्होंने पुनः समस्त प्रदेशवासियों को दीपावली की मंगलकामनाएं देते हुए कहा कि मां लक्ष्मी और भगवान श्री गणेश की कृपा से हर घर में सुख-समृद्धि का वास हो तथा उत्तर प्रदेश विकास, निवेश, रोजगार और औद्योगिक प्रगति के पथ पर निरंतर नई ऊंचाइयां प्राप्त करे।
