धनतेरस पर मंत्री नन्दी ने परिवार संग चौक, लोकनाथ और ठठेरी बाजार में की खरीदारी
धनतेरस पर मंत्री नन्दी ने परिवार संग चौक, लोकनाथ और ठठेरी बाजार में की खरीदारी
पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी के साथ व्यापारियों और क्षेत्रवासियों से की आत्मीय मुलाकात, दी पर्व की शुभकामनाएं
प्रयागराज। धनतेरस के पावन अवसर पर प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने अपनी पत्नी एवं प्रयागराज की पूर्व महापौर श्रीमती अभिलाषा गुप्ता नन्दी के साथ सपरिवार प्रयागराज शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के ऐतिहासिक चौक, लोकनाथ बाजार और ठठेरी बाजार का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक रूप से धनतेरस की खरीदारी की और बाजारों की रौनक के बीच व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों से आत्मीय संवाद किया।
बाजार भ्रमण के दौरान मंत्री नन्दी ने क्षेत्र के अपने भाई-बहनों, बच्चों और व्यापारी बंधुओं से मुलाकात कर उन्हें धनतेरस एवं दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस दौरान लोगों ने भी उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। बाजारों में उमड़ी भीड़, दुकानों की साज-सज्जा, दुकानदारों का उत्साह और लोगों का अपनापन त्योहार की खुशियों को और भी खास बनाता नजर आया।
मंत्री नन्दी ने कहा कि धनतेरस और दीपावली केवल पर्व नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, सामाजिक एकता और आपसी प्रेम के प्रतीक हैं। इन त्योहारों पर बाजारों में दिखने वाली रौनक स्थानीय व्यापार, कारीगरों और छोटे कारोबारियों की मेहनत एवं सामर्थ्य को भी प्रदर्शित करती है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से इस दीपावली 'वोकल फॉर लोकल' के संकल्प को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी कर स्थानीय कारीगरों, हस्तशिल्पियों और छोटे व्यापारियों को प्रोत्साहित करें। इससे न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के संकल्प को भी नई शक्ति मिलेगी।
मंत्री नन्दी ने कहा कि त्योहारों की असली खुशी अपनों के बीच, समाज के हर वर्ग के साथ मिलकर खुशियां बांटने और स्थानीय व्यापारियों के चेहरे पर मुस्कान लाने में है।
