मौत पर हंगामा: चिकित्सक ने लगाया वसूली का आरोप, दी चेतावनी
मौत पर हंगामा: चिकित्सक ने लगाया वसूली का आरोप, दी चेतावनी
-- डॉ एसके मिश्रा बोले- गंभीर हालत में आई थी महिला, मुआवजे के नाम पर की गई जबरन रंगदारी
-- विरोधस्वरूप दो दिन बाद अस्पताल के बाहर ओपीडी चलाने का ऐलान, संदिग्धों के खिलाफ देंगे तहरीर
हनुमानगंज, अंदावा स्थित श्री राधे अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत के बाद हुए हंगामे के मामले में अस्पताल संचालक डॉ एसके मिश्रा ने सोमवार को प्रेसवार्ता कर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मृतका के परिजनों द्वारा शव रखकर हंगामा करने और मदद के नाम पर लाखों रुपये की मांग करने को पूरी तरह गैरकानूनी और रंगदारी करार दिया है।
प्रेसवार्ता के दौरान डॉ एसके मिश्रा ने स्पष्ट किया कि महिला मरीज को अत्यंत गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका पहले से ही टीबी का इलाज चल रहा था, लीवर डैमेज हो चुका था और वह पीलिया से भी ग्रसित थीं। आठ दिनों के इलाज में दवा और ओपीडी का कुल खर्च मात्र 67 हजार रुपये अस्पताल में जमा हुए थे, लेकिन परिजनों ने पांच लाख रुपए जमा कराने का गलत बयानबाजी कर दबाव बनाया और जबरन सवा तीन लाख रुपये वसूल लिए। बता दें कि बरेठी बलरामपुर निवासी 40 वर्षीय महिला सुशीला देवी 11अक्तूबर को अस्पताल में भर्ती हुई थी। हालत बिगड़ने पर एसआरएन रेफर किया गया था जहां उसकी मौत हो गई थी।
संचालक ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में कुछ विशेष लोगों का एक गिरोह सक्रिय है, जो मौका पाकर उन्माद फैलाने और अस्पतालों को निशाना बनाकर जबरन वसूली का काम करता है। यही ग्रुप पहले भी आसपास के कई अस्पतालों में इसी तरह दबाव डालकर लाखों रुपये वसूल चुका है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि चिकित्सकों और अस्पतालों पर ऐसे ही हमले होते रहे और डर का माहौल बनाकर वसूली का सिलसिला जारी रहा, तो मरीजों का इलाज करना असंभव हो जाएगा। कोई भी चिकित्सक मरीज की जान बचाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करता है, लेकिन कई बार परिस्थितियां विपरीत हो जाती हैं, जिसका अर्थ यह नहीं है कि अस्पताल को निशाना बनाकर अवैध वसूली की जाए। उन्होंने कहा कि इन हालात को लेकर वह अपने संगठन से भी चर्चा करेंगे और घटना के विरोध में दो दिन बाद से वह अस्पताल के बाहर ओपीडी संचालित करेंगे। उन्होंने कुछ संदिग्ध उपद्रवियों के खिलाफ थाने में तहरीर देने की भी बात कही है।
