हनुमान जयंती पर सीताराम मंदिर में भव्य सुंदरकांड पाठ एवं प्रसाद वितरण
हनुमान जयंती पर सीताराम मंदिर में भव्य सुंदरकांड पाठ एवं प्रसाद वितरण
वीर हनुमान पीठ ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित हुआ धार्मिक कार्यक्रम, श्रद्धालुओं ने लिया प्रसाद
प्रयागराज। हनुमान जयंती के पावन अवसर पर शनिवार को परेड संगम क्षेत्र स्थित सीताराम मंदिर में वीर हनुमान पीठ ट्रस्ट के तत्वावधान में भव्य सुंदरकांड पाठ एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सुंदरकांड पाठ में सहभागिता की।
कार्यक्रम का संचालन रामबाबू तिवारी ने किया। कार्यक्रम के आयोजक वीर हनुमान पीठ ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष स्वामी अनंतकेशवाचार्य महाराज (वृंदावन धाम) रहे। सुंदरकांड की संगीतमय प्रस्तुति सुधीर कुमार यादव ने की, जिससे उपस्थित श्रद्धालु भक्तिरस में सराबोर हो गए।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया तथा सभी को दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं। आयोजकों ने भगवान श्रीराम एवं बजरंगबली के आदर्शों पर चलने और समाज में सेवा, सद्भाव एवं भक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में सुरेंद्रनाथ सिंह, अमलेद्र कुमार सिंह, संजय मिश्रा, जितेंद्र शुक्ला, करुणेश पांडेय, नीतीश पांडेय सहित अनेक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
