पारिवारिक कलह में घर छोड़कर वृंदावन गए थे मंसैता के ग्राम प्रधान, सकुशल बरामद

पारिवारिक कलह में घर छोड़कर वृंदावन गए थे मंसैता के ग्राम प्रधान, सकुशल बरामद

​प्रयागराज। पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान अधिकारियों ने थरवई थाना क्षेत्र के मंसैता गांव के लापता ग्राम प्रधान के मामले का खुलासा किया। पुलिस ने बताया कि परिजनों द्वारा अपहरण की आशंका जताए जाने के बाद दर्ज मुकदमे की जांच करते हुए पुलिस टीम ने प्रधान को वृंदावन स्थित संत प्रेमानंद जी महाराज के आश्रम के पास से सकुशल बरामद कर लिया है। पूछताछ में स्पष्ट हुआ कि पारिवारिक विवाद और कहासुनी के चलते वे खुद घर छोड़कर चले गए थे।
​प्रेस वार्ता में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 30 तारीख को मंसैता के ग्राम प्रधान के भाई ने थरवई थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि उनके भाई 29 तारीख की शाम करीब 7:30 बजे फोन पर बात करते हुए घर से निकले थे और उसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया। किसी अनहोनी व अपहरण की आशंका पर पुलिस ने तत्काल धारा 140(1) BNS के तहत अपराध संख्या 281/26 दर्ज कर पड़ताल शुरू की।
​मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों के साथ एसडीआरएफ (SDRF) को बुलाकर मंसैता नहर में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इसके साथ ही ड्रोन कैमरों और डॉग स्क्वाड की मदद से पूरे इलाके में सघन कांबिंग की गई।
​इसी बीच लापता प्रधान ने एक नया सिम लेकर अपने चाचा को फोन किया। सर्विलांस और तकनीकी मदद से उनकी लोकेशन ट्रेस कर पुलिस टीम को तुरंत वृंदावन रवाना किया गया, जहां प्रेमानंद महाराज के आश्रम के पास से उन्हें सकुशल खोज निकाला गया।
​पूछताछ में उन्होंने बताया कि पारिवारिक कलह से क्षुब्ध होकर वे फाफामऊ पहुंचे और वहां से गोमती एक्सप्रेस पकड़कर लखनऊ, फिर आगरा होते हुए झेलम एक्सप्रेस से वृंदावन चले गए थे। अधिकारियों ने कहा कि मामले में किसी प्रकार के अपहरण या अपराध की पुष्टि नहीं हुई है। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द किया जा रहा है।

रिपोर्ट : संतोष ,सिंह , प्रयागराज।

Byte: सोनम कुमार डीसीपी गंगानगर