पूर्वांचल स्टार्टअप संवाद – 2026 का भव्य आयोजन
पूर्वांचल स्टार्टअप संवाद – 2026 का भव्य आयोजन
पूर्वांचल स्टार्टअप संवाद – 2026 का भव्य आयोजन
प्रो. राजेन्द्र सिंह (रज्जू भैया) विश्वविद्यालय, प्रयागराज*
दिनांक : 4 नवंबर, 2026 (बुधवार)
प्रो. राजेन्द्र सिंह (रज्जू भैया) विश्वविद्यालय, प्रयागराज एवं डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को पूर्वांचल स्टार्टअप संवाद – 2026 का आयोजन किया गया।
माननीय कुलाधिपति महोदया के आगमन के पश्चात वैदिक मंगलाचरण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। माननीय कुलाधिपति द्वारा विश्वविद्यालय की नवीन शैक्षिक सुविधाओं का लोकार्पण तथा स्टार्टअप प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन किया गया।
तत्पश्चात सभागार में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रगीत एवं कुलगीत की प्रस्तुति दी गई। कुलपति डॉ. अखिलेश कुमार सिंह* द्वारा स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया गया।
विषय प्रवर्तन में विशेष कार्याधिकारी (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ. सुधीर एम. बोबडे* ने कहा कि नीति के माध्यम से नवाचार और नए आइडियाज को बढ़ावा दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वाराणसी, अयोध्या, मथुरा जैसे नगरों में टूरिज्म को स्टार्टअप से जोड़ा जा सकता है। उन्होंने पूर्वांचल के SWOT विश्लेषण एवं राजभवन के समन्वय से विश्वविद्यालय नेटवर्क 'समर्थ से सामर्थ्य' पर अपने विचार साझा किए।
प्रो. जय प्रकाश पाण्डेय, कुलपति, ए.के.टी.यू. लखनऊ* ने पूर्वांचल स्टार्टअप संवाद की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि - *"एप्पल, गूगल, फेसबुक, व्हाट्सएप जैसे वैश्विक प्लेटफॉर्म स्टार्टअप के रूप में ही प्रारंभ हुए और आज सफलता के शिखर पर हैं। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में स्टार्टअप्स की निर्णायक भूमिका होगी।"*उन्होंने 'फिजिक्स वाला' जैसे स्वदेशी स्टार्टअप का उदाहरण देकर युवाओं को उद्यमिता के लिए प्रेरित किया।
तकनीकी सत्रों में -
1. प्रथम सत्र - डॉ. अभय जेरे, एमडी एवं सीईओ : ने 'डिजाइन थिंकिंग' और नवाचार पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शोधार्थियों के नवीन विचारों को प्रोत्साहित करना चाहिए। 'फेल अर्ली, फेल फास्ट' की अवधारणा समझाते हुए उन्होंने 'कू' (Koo) ऐप की विफलता पर चर्चा की और सभी विश्वविद्यालयों में 1-2 सप्ताह का अनिवार्य डिजाइन थिंकिंग कोर्स शुरू करने का आह्वान किया।
2. द्वितीय सत्र - श्री सुमित राजेश महाजन (IAS), सीईओ, यूपी स्टार्टअप मिशन : ने डीप टेक स्टार्टअप्स के लिए सीड कैपिटल, प्रोटोटाइप अनुदान, 40 करोड़ तक के पेशेंस कैपिटल तथा R&D और कम्प्यूट पावर पर मिलने वाले वित्तीय प्रोत्साहनों की जानकारी दी।
3. तृतीय सत्र - प्रो. एस.पी. मिश्र, एडवाइजर, इनोवेशन हब, ए.के.टी.यू. : प्रत्येक कॉलेज और विश्वविद्यालय में इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित करने पर जोर देते हुए डॉ. एस. पी. मिश्रा ने अपने वक्तव्य में कहा कि आज पूर्वांचल क्षेत्र को स्टार्टअप्स की अत्यधिक आवश्यकता है और युवाओं से आह्वान किया कि वे केवल अपने स्टार्टअप विचार लेकर आएं, बाकी सभी व्यवस्थाओं का पूरा सहयोग दिया जाएगा।
अपराह्न में प्रदर्शनी अवलोकन, माननीय कुलाधिपति की अध्यक्षता में कुलपतियों की गोलमेज बैठक एवं फिटनेस स्टूडियो का भ्रमण किया गया। सिडबी के उप महाप्रबंधक श्री प्रत्यूष मिश्र, निवेशक श्री अमित सिंघल एवं सफल स्टार्टअप संस्थापकों के साथ पैनल डिस्कशन आयोजित हुआ।
समापन सत्र में आइडियाथॉन विजेताओं को पुरस्कार वितरण, ए.के.टी.यू. लखनऊ के साथ एमओयू हस्ताक्षर तथा माननीय कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में विद्यार्थियों को नवाचार के लिए प्रेरित किया साथ ही माननीय कुलाधिपति एवं राज्यपाल महोदया ने दो घटनाओं और दो समस्याओं पर विशेष चर्चा की।
उन्होंने गुजरात और महाराष्ट्र का उदाहरण देते हुए जल संकट की समस्या पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि किस प्रकार गुजरात में जल की भीषण समस्या थी और जन-भागीदारी तथा नवाचार के माध्यम से उसका स्थायी समाधान निकाला गया। इसी प्रकार महाराष्ट्र के जल प्रबंधन के प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि समस्याएं ही नवाचार को जन्म देती हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे अपने आस-पास की समस्याओं - जैसे पानी, कचरा प्रबंधन, कृषि, स्वास्थ्य को ही अपने स्टार्टअप आइडियाज का आधार बनाएं। उनके समाधान से ही सफल उद्यमी बना जा सकता है।
इन उदाहरणों के माध्यम से राज्यपाल महोदया ने समझाया कि "कार्य प्रारंभ करने के बाद आने वाली कठिनाइयों से घबराना नहीं चाहिए, धैर्य, निरंतरता और सकारात्मक सोच के साथ कार्य करना चाहिए। सफलता निश्चित मिलती है।"
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनें और विकसित भारत @2047 के संकल्प में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. गीतांजलि श्रीवास्तव, डॉ. दिव्या द्विवेदी, डॉ. यामिनी एस., सुश्री वंदना शर्मा एवं डॉ. प्रियंका सक्सेना ने किया। कार्यक्रम में लगभग 1200 प्रतिभागियों, सम्बद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यगण एवं विश्वविद्यालय के समस्त शिक्षकगण की गरिमामयी उपस्थिति रही। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
कुलसचिव
*प्रो. राजेन्द्र सिंह (रज्जू भैया) विश्वविद्यालय, प्रयागराज
