मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने का आरोप
मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने का आरोप
पति पर जानलेवा हमले के मामले में दो महीने से न्याय के लिए भटक रही पीड़िता, कर्नलगंज पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल
पुलिस कमिश्नर और मुख्यमंत्री को रजिस्टर्ड डाक से भेजा प्रार्थना पत्र, मोहम्मद नईम ने लगाई न्याय की गुहार
प्रयागराज। कर्नलगंज थाना क्षेत्र के पुराना कटरा निवासी शमा परवीन पत्नी मोहम्मद नईम ने अपने पति पर कथित जानलेवा हमले के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि घटना के करीब दो महीने बीत जाने और मेडिकल रिपोर्ट सहित पुलिस में शिकायत दर्ज होने के बावजूद अब तक आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। पीड़ित परिवार ने पुलिस कमिश्नर और मुख्यमंत्री को रजिस्टर्ड डाक से प्रार्थना पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।
शमा परवीन के अनुसार, उनके पड़ोसी शरीफ, शादिक, नागरिक और शाकिब ने कथित तौर पर बिना किसी बात के उनके पति मोहम्मद नईम के साथ गाली-गलौज करते हुए धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में उनके पति घायल होकर बेहोश हो गए। इसके बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मोहम्मद नईम को उपचार एवं मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया।
दो महीने बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप
पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई और मेडिकल रिपोर्ट भी उपलब्ध है, इसके बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। उनका आरोप है कि विवेचना के नाम पर लगातार कार्रवाई का आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन धरातल पर कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है।
शमा परवीन ने कर्नलगंज पुलिस पर विपक्षियों के साथ मिलीभगत करने और आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। पीड़ित पक्ष का दावा है कि इस संबंध में उच्चाधिकारियों के साथ ही मुख्यमंत्री के जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर भी शिकायत की गई है।
पुलिस कमिश्नर से न्याय की उम्मीद
मोहम्मद नईम ने पुलिस कमिश्नर से मामले में निष्पक्ष जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने और अपने परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। पीड़ित पक्ष ने कार्रवाई नहीं होने पर आत्मदाह करने की बात भी कही है, जो मामले की गंभीरता को दर्शाता है।
अब सवाल यह है कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस के उच्चाधिकारी क्या संज्ञान लेते हैं और मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करते हैं या नहीं।
