भगवान पूर्णेश्वर नाथ महादेव मंदिर में अतिक्रमण का आरोप, महिला ने पुलिस पर लगाया विपक्षियों को संरक्षण देने का गंभीर आरोप

भगवान पूर्णेश्वर नाथ महादेव मंदिर में अतिक्रमण का आरोप, महिला ने पुलिस पर लगाया विपक्षियों को संरक्षण देने का गंभीर आरोप

भगवान पूर्णेश्वर नाथ महादेव मंदिर में अतिक्रमण का आरोप, महिला ने पुलिस पर लगाया विपक्षियों को संरक्षण देने का गंभीर आरोप


जान-माल की सुरक्षा की गुहार, न्याय न मिलने पर आत्मदाह की चेतावनी
प्रयागराज। मुट्ठीगंज थाना क्षेत्र के मालवीय नगर में स्थित भगवान पूर्णेश्वर नाथ महादेव मंदिर को लेकर विवाद सामने आया है। समाजसेविका सविता मालवीय पुत्री स्वर्गीय नरेंद्र कुमार मालवीय ने कुछ लोगों पर मंदिर परिसर के आसपास अवैध अतिक्रमण करने और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।


सविता मालवीय का कहना है कि उनके पूर्वजों द्वारा मंदिर की स्थापना की गई थी, जहां लंबे समय से श्रद्धालु पूजा-अर्चना करते आ रहे हैं। उनके आरोप के मुताबिक वर्ष 2021 में प्रशांत पांडेय और रवि पांडेय ने सोनू कक्कड़ का मकान खरीदने के बाद मंदिर परिसर की ओर अतिक्रमण शुरू कर दिया। उनका दावा है कि शिकायत के बाद पूर्व में नगर निगम एवं पुलिस प्रशासन की कार्रवाई से अतिक्रमण हटाया गया था, लेकिन विवाद पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ।
महिला का आरोप है कि ममता पांडेय, उनके पति रवि पांडेय, छाया पांडेय प्रशांत पांडेय और परिवार के अन्य लोग मंदिर परिसर के समीप वाहनों को खड़ा कर रास्ते एवं परिसर के उपयोग में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। सविता मालवीय के अनुसार, उन्होंने कई बार मुट्ठीगंज पुलिस को मामले की जानकारी दी, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
सविता मालवीय ने स्थानीय पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस विपक्षी पक्ष को संरक्षण दे रही है और उच्च अधिकारियों के समक्ष मामले की सही स्थिति नहीं रखी जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें लगातार मानसिक उत्पीड़न एवं जान से मारने की धमकियों का सामना करना पड़ रहा है।
महिला ने आशंका जताई है कि किसी भी समय उनके साथ गंभीर घटना हो सकती है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई तथा अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
सविता मालवीय ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें समय रहते न्याय और सुरक्षा नहीं मिली तो वह आत्मदाह जैसा कदम उठाने के लिए मजबूर होंगी।