पांचवें दिन श्री मनोहर माधव के दरबार में पहुंची द्वादश माधव संगीतमय यात्रा
पांचवें दिन श्री मनोहर माधव के दरबार में पहुंची द्वादश माधव संगीतमय यात्रा
जानसन गंज में भजनों से गूंजा वातावरण, श्रद्धालुओं ने की श्री मनोहर माधव की आराधना
प्रयागराज। नगर में पहली बार आयोजित द्वादश माधव की संगीतमय यात्रा श्रद्धालुओं के बीच आस्था और भक्ति का केंद्र बनी हुई है। यात्रा के पांचवें दिन सुप्रसिद्ध भजन गायक एवं यात्रा प्रवाहक सूर्य प्रकाश दुबे जी के नेतृत्व में राधे-राधे की पूरी संगत ने जानसन गंज स्थित श्री मनोहर माधव मंदिर पहुंचकर भगवान की वंदना की। इस दौरान भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
भजनों से गूंजा श्री मनोहर माधव का दरबार
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने श्री मनोहर माधव की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। सुप्रसिद्ध भजन गायक सूर्य प्रकाश दुबे जी ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर भक्तों को भावविभोर कर दिया। उनकी प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए।
इस अवसर पर यात्रा प्रवाहक सूर्य प्रकाश दुबे जी ने कहा कि द्वादश माधव हमारे नगर देवता हैं। इनकी पूजा-अर्चना हर जगह होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि द्वादश माधव की महिमा और धार्मिक महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह संगीतमय यात्रा आयोजित की जा रही है।
समिति पदाधिकारियों ने किया संत-महंतों का स्वागत
कार्यक्रम के समापन पर द्वादश माधव समिति के अध्यक्ष शिव शंकर सिंह जी एवं समिति के सभी सदस्यों ने उपस्थित संत-महंतों का स्वागत किया। यात्रा समिति की ओर से अध्यक्ष शिव शंकर जी, कोषाध्यक्ष विपुल मित्तल जी एवं संरक्षक कुमार नारायण जी उपस्थित रहे।
इस दौरान अजय चौरसिया जी, रविकांत जी एवं अवधेश निषाद जी ने सभी श्रद्धालुओं, संत-महंतों और सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
द्वादश माधव की यह संगीतमय यात्रा नगर में धार्मिक आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक चेतना का संदेश दे रही है। यात्रा के प्रत्येक पड़ाव पर श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिल रहा है।
