द्वादश माधव महात्म्य संगीतमय यात्रा का भव्य शुभारंभ
द्वादश माधव महात्म्य संगीतमय यात्रा का भव्य शुभारंभ
द्वादश माधव महात्म्य संगीतमय यात्रा का भव्य शुभारंभ
श्री वेणी माधव जी के दरबार से शुरू हुई 12 दिवसीय संगीतमय यात्रा, भजनों से गूंजा दारागंज
प्रयागराज। धार्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी प्रयागराज में द्वादश माधव महात्म्य संगीतमय यात्रा का भव्य शुभारंभ श्री वेणी माधव जी के पावन दरबार, दारागंज से हुआ। प्रयागराज नगर निगम एवं राधे-राधे ग्रुप, मुंबई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह यात्रा 10 सितंबर से 22 सितंबर 2026 तक चलेगी।
यात्रा के प्रथम दिवस श्री वेणी माधव मंदिर के प्राचीन प्रांगण में प्रसिद्ध भजन गायक एवं यात्रा प्रवाहक सूर्य प्रकाश दुबे तथा उनके राधे-राधे ग्रुप ने भगवान श्री वेणी माधव की महिमा को भावपूर्ण भजनों और भक्ति संगीत के माध्यम से प्रस्तुत किया। भजनों की प्रस्तुति ने मौजूद श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ भजन, पूजन एवं महाआरती के साथ हुआ। इसके बाद कलाकारों ने एक के बाद एक भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।
यात्रा प्रवाहक एवं प्रख्यात भजन गायक सूर्य प्रकाश दुबे ने बताया कि द्वादश माधव महात्म्य यात्रा अन्य धार्मिक यात्राओं से अलग है। इस यात्रा के दौरान प्रयागराज में स्थित द्वादश माधव मंदिरों के प्रांगण में प्रत्येक माधव की महिमा का गुणगान भजन गायन एवं भक्ति संगीत के माध्यम से किया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोगों को प्रयागराज के द्वादश माधव मंदिरों के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व से परिचित कराना है।
कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक एवं प्रयागराज के महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि प्रयाग की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने वाली ऐसी यात्राओं का आयोजन अब प्रत्येक वर्ष किया जाएगा।
कार्यक्रम में श्री वेणी माधव मंदिर के श्री महंत महामंडलेश्वर आचार्य विभा त्रिपाठी, डॉ. बी.के. कश्यप, काशी हिंदू विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. गिरीश चंद्र त्रिपाठी, अवधेश चंद गुप्ता, द्वादश माधव यात्रा समिति के अध्यक्ष शिवशंकर सिंह सहित समिति के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
इस अवसर पर सुशील खरबंदा, रामजी अग्रहरि, कुमार नारायण, कोषाध्यक्ष विपुल मित्तल, प्रमोद अरोड़ा, राजकमल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं भक्तगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर द्वादश माधव यात्रा समिति ने सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही श्रद्धालुओं से अगले कार्यक्रम में शाम 4 बजे संगम तट पर त्रिवेणी माधव के गुणगान में शामिल होने का आह्वान किया गया।
