नगर की सुख-शांति के लिए हो रही भगवान श्री द्वादश माधव की यात्रा
नगर की सुख-शांति के लिए हो रही भगवान श्री द्वादश माधव की यात्रा
ग्यारहवें पड़ाव पर श्री चक्र माधव की विधि-विधान से हुई पूजा-अर्चना, भजनों से गूंजा परिसर
प्रयागराज। नगर की सुख-शांति और समृद्धि की कामना को लेकर प्रयागराज में भगवान श्री द्वादश माधव की संगीतमय महात्म यात्रा निरंतर जारी है। द्वादश माधव समिति एवं नगर निगम के तत्वावधान में चल रही इस यात्रा का ग्यारहवां पड़ाव श्री चक्र माधव मंदिर रहा।
यात्रा प्रवाहक एवं सुप्रसिद्ध भजन गायक सूर्य प्रकाश दुबे जी तथा उनकी पूरी राधे-राधे संगत ने श्री चक्र माधव की महिमा का गुणगान करते हुए एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए। भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से भगवान श्री चक्र माधव के दर्शन किए।
इस अवसर पर सच्चा बाबा आश्रम के महंत श्री चन्द्रदेव महाराज जी एवं चक्र माधव मंदिर के महंत अवधेश दास महाराज जी सहित बृजेश ब्रह्मचारी जी, पूर्णकांत जी और सौरभ जी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर श्री चक्र माधव जी की पूजा-अर्चना एवं आरती की और भजन-कीर्तन में सहभागिता की।
यात्रा समिति की ओर से अध्यक्ष शिव शंकर सिंह जी ने सभी संत-महंतों एवं अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान राज कमल जी एवं सुबोध अग्रवाल जी भी मौजूद रहे।
22 सितंबर को होगा अगला पड़ाव
यात्रा समिति के अनुसार, कल यात्रा का विश्राम रहेगा। इसके बाद 22 सितंबर को दोपहर 2 बजे यात्रा श्री गदा माधव मंदिर पहुंचेगी, जो छिवकी स्टेशन के पास स्थित है। वहां भगवान श्री गदा माधव की पूजा-अर्चना एवं भजन-कीर्तन किया जाएगा।
द्वादश माधव महात्म यात्रा के माध्यम से नगर के प्रमुख माधव मंदिरों में पूजा-अर्चना के साथ भगवान श्री द्वादश माधव की महिमा को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
