गांधी और शास्त्री जयंती पर उमा यादव ने अर्पित की श्रद्धांजलि
गांधी और शास्त्री जयंती पर उमा यादव ने अर्पित की श्रद्धांजलि
महापुरुषों के विचारों को आत्मसात करने का आह्वान, गरीबों में वितरित किए फल
झूंसी, प्रयागराज। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर वार्ड नंबर 9, सुनौठी, झूंसी की पूर्व सपा महिला अध्यक्ष एवं फूलपुर विधानसभा की वरिष्ठ सपा नेत्री उमा यादव ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों, विचारों एवं राष्ट्र के प्रति योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया।
उमा यादव ने फूलपुर विधानसभा क्षेत्र सहित वार्ड की समस्त जनता को गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और सद्भाव का संदेश दिया, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा की मिसाल कायम की। दोनों महापुरुषों के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी और प्रासंगिक हैं।
उन्होंने कहा कि हम सभी को महापुरुषों के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। सामाजिक समानता, आपसी भाईचारे और जरूरतमंदों की सेवा के लिए निरंतर प्रयास करना ही महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर उमा यादव ने समाजवादी विचारधारा और सामाजिक समानता के संकल्प को दोहराते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने अखिलेश यादव के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में पूर्ण बहुमत की समाजवादी सरकार बनने का दावा किया।
जयंती समारोह के दौरान उमा यादव ने गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के बीच फल वितरित किए और सामाजिक सेवा का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्ग की मदद करने का आह्वान किया।
प्रयागराज से जितेंद्र शुक्ला की खास रिपोर्ट।
