NEET में चयन के बाद भी छात्रा की गोली लगने से मौत, झूंसी में मचा हड़कंप
NEET में चयन के बाद भी छात्रा की गोली लगने से मौत, झूंसी में मचा हड़कंप
पिता की लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली, 18 वर्षीय रितु शर्मा की मौत; घटना के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
प्रयागराज। झूंसी थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक बेहद दुखद घटना सामने आई। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के सेवानिवृत्त इंजीनियर देवराज शर्मा की 18 वर्षीय बेटी रितु शर्मा की गोली लगने से मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्रा को घर में रखी उसके पिता की लाइसेंसी पिस्टल से गोली लगी थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, रितु मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) की तैयारी कर रही थी। सोमवार को नीट काउंसलिंग के तीसरे चरण का परिणाम घोषित हुआ था, जिसमें उसका चयन भी हो गया था। ऐसे में चयन की खुशी के बीच हुई इस दर्दनाक घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि छात्रा ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।
गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक छात्रा की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही झूंसी थाना प्रभारी नरेश कश्यप पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों ने बताया कि छात्रा पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थी। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही घटना की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
नीट में चयन के बावजूद सामने आई इस दुखद घटना ने परिवार और क्षेत्र के लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
