अमन और इंसानियत का पैगाम देती है कुरान की तालीम : मौलाना सिद्दीक हसन
अमन और इंसानियत का पैगाम देती है कुरान की तालीम : मौलाना सिद्दीक हसन
मदरसा दारुल उलूम इमाम अहमद रजा दमगढ़ा में वार्षिक जलसे का हुआ आयोजन
उतराव। तहसील हंडिया अंतर्गत दमगढ़ा गांव स्थित मदरसा दारुल उलूम इमाम अहमद रजा दमगढ़ा में बुधवार की शाम वार्षिक जलसे का भव्य आयोजन किया गया। इसमें देश के मशहूर इस्लामी विद्वान मौलाना सिद्दीक हसन उर्फ झारखंडी बाबा, मुफ्ती निजामुद्दीन मिस्बाही मुबारकपुरी, मौलाना शाहनवाज मिस्बाही तथा शायर अहमद रजा नूरी मुंबई और शायर मोहम्मद अली फैजी फैजाबादी ने शिरकत कर जलसे को संबोधित किया।
जलसे का आगाज कुरान पाक की आयतों की तिलावत से हुआ। इसके बाद शायर अहमद रजा नूरी मुंबई और फैजाबाद के शायर मोहम्मद अली फैजी ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शान में खूबसूरत नातिया कलाम और नज्म पेश की। उनके कलाम सुनकर उपस्थित लोगों ने खूब सराहना की।
इस अवसर पर मुफ्ती निजामुद्दीन मिस्बाही मुबारकपुरी ने अपने संबोधन में इंसानियत, आपसी प्रेम, भाईचारे और मोहब्बत का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कुरान की तालीम इंसान को अमन, शांति और मानवता के रास्ते पर चलने की सीख देती है। समाज में एक-दूसरे के प्रति प्रेम और सम्मान का भाव रखना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
वहीं जलसे में मौजूद जिन लोगों को मौलाना सिद्दीक हसन उर्फ झारखंडी बाबा का बेसब्री से इंतजार था, उन्होंने अपने संबोधन में लोगों को धार्मिक शिक्षा, अच्छे आचरण और इंसानियत के रास्ते पर चलने की सीख दी। उन्होंने कहा कि इंसान को अपने व्यवहार से समाज में अमन और मोहब्बत का पैगाम देना चाहिए।
जलसे की सरपरस्ती सैयद नसर मियां सज्जादानशीन शाह बासिद अली कलंदर दमगढ़ा शरीफ ने की, जबकि निजामत कैफ रजा नूरी इलाहाबादी ने निभाई। इस मौके पर मदरसा नाजिम जावेद अहमद सिद्दीकी, मदरसे के मुदर्रिस मौलाना मुफ्ती मोहम्मद शहंशाह आलम तथा डॉ. खुर्शीद आलम सिद्दीकी नाजिम-ए-आला इमाम अहमद रजा दमगढ़ा शरीफ सहित मौलाना मोहम्मद इम्तियाज, हाफिज मकबूल, मौलाना तस्लीम नूरी, मोहम्मद आवेश सिद्दीकी, मोहम्मद फुरकान अहमद सिद्दीकी, मोहम्मद नदीम, डॉ. सऊद (अध्यापक), मोहम्मद कलाम अंसारी, मोहम्मद यूसुफ अंसारी और एडवोकेट फैसल अंसारी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
