दिव्यांग बच्चों और जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर बिखरी मुस्कान, आशीर्वाद संस्था ने मनाई ‘आशीर्वाद की दिवाली’
दिव्यांग बच्चों और जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर बिखरी मुस्कान, आशीर्वाद संस्था ने मनाई ‘आशीर्वाद की दिवाली’
प्रयागराज : दीपावली की खुशियां सिर्फ अपने घरों तक सीमित न रहें, बल्कि समाज के हर वर्ग तक पहुंचे, इसी संदेश के साथ आशीर्वाद संस्था की ओर से ‘आशीर्वाद की दिवाली’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला पंचायत सभागार में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों, जरूरतमंद परिवारों के बच्चों और बुजुर्गों के साथ दीपावली की खुशियां साझा की गईं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, उपहार वितरण और आत्मीयता के माहौल ने आयोजन को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि गुरु गोबिंद सिंह मेमोरियल ट्रस्ट के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह और ट्रस्टी दिलजीत सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर आशीर्वाद संस्था के सचिव मनीष वर्मा, उपाध्यक्ष काशिफ उद्दीन और सहसचिव विमल श्रीवास्तव ने अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। दिव्यांग बच्ची गुनगुन ने गणेश वंदना की मनमोहक प्रस्तुति देकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद मोरी गेट बस्ती और साईं कुष्ठ आश्रम के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। वहीं राजीव गांधी बधिर बौद्धिक अक्षम विद्यालय के बच्चों ने फिल्मी गीतों पर शानदार डांस प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम का सबसे भावुक और खास पल वह रहा, जब संस्था की ओर से दिव्यांग बच्चों, जरूरतमंद परिवारों के बच्चों और बुजुर्गों को दीपावली के उपहार वितरित किए गए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और मुस्कान देखने को मिली।
कार्यक्रम का संचालन अभिजीत मिश्रा ने किया। इस मौके पर समाजसेवी अनुराधा, पंकज टंडन सहित संस्था के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आशीर्वाद संस्था की इस पहल का उद्देश्य आर्थिक और सामाजिक परिस्थितियों के चलते त्योहारों की खुशियों से दूर रह जाने वाले लोगों तक प्रेम, सम्मान और अपनत्व की रोशनी पहुंचाना है। संस्था ने अपने इस आयोजन के जरिए संदेश दिया कि दीपावली का असली उत्सव तभी सार्थक है, जब समाज का हर चेहरा खुशियों से रोशन हो।
