बहनों ने मंत्री नन्दी को तिलक लगाकर दिया आशीर्वाद, मंत्री ने उपहार देकर जताया स्नेह
बहनों ने मंत्री नन्दी को तिलक लगाकर दिया आशीर्वाद, मंत्री ने उपहार देकर जताया स्नेह
भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और आत्मीयता का पर्व भैया दूज बहनों के साथ मनाया
बहनों की हर सुख-दुःख में साथ खड़े रहने और हर संभव मदद करने का दिया भरोसा
प्रयागराज। भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक पर्व भैया दूज उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने बहनों के साथ आत्मीयता और उल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर मंत्री नन्दी ने प्रयागराज के महेवा, नैनी स्थित भैरव बाबा मंदिर परिसर में भाजपा की महिला पदाधिकारियों, महिला कार्यकर्ताओं एवं प्रयागराज शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र की सैकड़ों सम्मानित बहनों से स्नेहिल भेंट की।
भैया दूज के पावन अवसर पर बहनों ने पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ मंत्री नन्दी के माथे पर तिलक लगाकर उनकी सुख-समृद्धि, दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए आशीर्वाद दिया। बहनों के इस आत्मीय स्नेह और आशीर्वाद से अभिभूत मंत्री नन्दी ने सभी बहनों को उपहार भेंट किए और दीपावली सहित पांच पर्वों के महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान मंत्री नन्दी ने बहनों के प्रति अपना स्नेह व्यक्त करते हुए उनकी हर सुख-दुःख में साथ खड़े रहने और हर संभव मदद करने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि बहनों का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद उनके लिए अनमोल पूंजी है। परिवार के सदस्य के रूप में उनकी खुशियों और जरूरतों का ध्यान रखना उनका दायित्व है।
मंत्री नन्दी ने कहा कि भाई-बहन का रिश्ता दुनिया के सबसे पवित्र और खूबसूरत रिश्तों में से एक है। भैया दूज का पर्व इस अटूट रिश्ते में प्रेम, विश्वास, समर्पण और सम्मान की भावना को और मजबूत करता है। ईश्वर से यही प्रार्थना है कि भाई-बहन का यह बंधन सदैव प्रेम, स्नेह और खुशियों से भरा रहे तथा सभी बहनों के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे।
कार्यक्रम के दौरान बहनों में खासा उत्साह और उल्लास देखने को मिला। पारंपरिक तिलक, उपहार और आत्मीय संवाद के बीच भैया दूज का पर्व पारिवारिक अपनत्व और भाई-बहन के अटूट स्नेह के साथ मनाया गया।
